September 14, 2026 |

BREAKING NEWS

ब्रेकिंगमध्यप्रदेश

इंदौर में बंद मकानों को निशाना बनाने वाले दो शातिर बदमाश गिरफ्तार, 25 लाख का माल बरामद

Indore News: संयोगितागंज पुलिस ने बंद मकानों को निशाना बनाकर नकबजनी करने वाले दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है।

Namaskar Madhya Pradesh

Listen to this article

इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर में अपराध और अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में संयोगितागंज पुलिस ने बंद मकानों को निशाना बनाकर नकबजनी करने वाले दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का शत-प्रतिशत मशरूका बरामद किया है। बरामद सामान में करीब 100 ग्राम सोना और 2.5 किलोग्राम चांदी शामिल है, जिसकी कुल कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई गई है।

बंद मकान का ताला तोड़कर लाखों के जेवरात किए चोरी

पुलिस के मुताबिक, चोरी की यह वारदात 10 अगस्त को संयोगितागंज थाना क्षेत्र में हुई थी। परिवार मकान पर ताला लगाकर रिश्तेदार की शादी में शामिल होने शहर से बाहर गया हुआ था। इसी दौरान बदमाशों ने सूने मकान का ताला तोड़कर घर में रखे लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए और मौके से फरार हो गए।

सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष तकनीकी टीम गठित की। टीम ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान शुरू की। लगातार निगरानी और जांच के बाद पुलिस ने रोहित उर्फ छोला और चंदन पिता गणेश अकोले को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपियों की निशानदेही पर पूरा चोरी का माल बरामद

पुलिस द्वारा आरोपियों को थाने लाकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान दोनों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने नेमावर रोड स्थित उनके गुप्त ठिकाने से चोरी किया गया पूरा माल बरामद कर लिया। बरामद जेवरात में करीब 100 ग्राम सोना और 2.5 किलोग्राम चांदी शामिल है।

कई थाना क्षेत्रों में दर्ज हैं चोरी और नकबजनी के मामले

पुलिस उपायुक्त अभिषेक रंजन के मुताबिक, दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं और शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चोरी एवं नकबजनी की कई वारदातों में शामिल रहे हैं। उनके खिलाफ विभिन्न थानों में मामले दर्ज हैं।

पुलिस अब दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेने की तैयारी में है। रिमांड के दौरान आरोपियों से शहर में हुई अन्य चोरी और नकबजनी की वारदातों को लेकर पूछताछ की जाएगी। पुलिस को आशंका है कि पूछताछ में चोरी की कई अन्य घटनाओं का भी खुलासा हो सकता है।


Namaskar Madhya Pradesh

Related Articles

Check Also
Close