वंदे मातरम् विवाद में सोनिया और राहुल गांधी के खिलाफ पुलिस शिकायत, जांच में जुटी दिल्ली पुलिस
भाजयुमो ने स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान ‘वंदे मातरम्’ के कथित अपमान को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ भुवनेश्वर के खारवेल नगर थाने में शिकायत दी है।

नई दिल्ली। कांग्रेस मुख्यालय में 15 अगस्त को आयोजित स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान ‘वंदे मातरम्’ के गायन को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ दिल्ली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। सुप्रीम कोर्ट के वकील शुभ शर्मा ने 16 अगस्त को दिल्ली के आईपी एस्टेट थाने में शिकायत देकर मामले की जांच और एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
सोनिया गांधी के इशारे को लेकर शिकायत
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि ‘वंदे मातरम्’ के गायन के दौरान सोनिया गांधी ने कुछ ऐसे इशारे किए, जिन्हें गीत को आगे जारी रखने पर आपत्ति के तौर पर देखा गया। शिकायतकर्ता ने राहुल गांधी के एक वीडियो का भी हवाला दिया है, जिसमें वे कथित तौर पर यह कहते नजर आ रहे हैं कि ‘हम वंदे मातरम् नहीं गा रहे हैं।’
शुभ शर्मा ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। शिकायत में राष्ट्रीय गीत के गायन को कथित तौर पर रोकने या कार्यक्रम में बाधा डालने से जुड़े कानूनी प्रावधानों का भी उल्लेख किया गया है।
दिल्ली पुलिस कर रही शिकायत की जांच
मामले को लेकर डीसीपी सेंट्रल की ओर से कहा गया है कि 15 अगस्त 2026 को कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान वंदे मातरम् गायन के समय हुई कथित घटना से संबंधित शिकायत की जांच की जा रही है। पुलिस की जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि शिकायत में लगाए गए आरोपों के आधार पर आगे कोई कानूनी कार्रवाई बनती है या नहीं।
भाजयुमो ने ओडिशा में भी दर्ज कराई शिकायत
वहीं, भाजपा युवा मोर्चा की ओडिशा इकाई ने भी कांग्रेस नेताओं के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। भाजयुमो ने स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान ‘वंदे मातरम्’ के कथित अपमान को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ भुवनेश्वर के खारवेल नगर थाने में शिकायत दी है। भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष अभिलाष पांडा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं ने राष्ट्र गीत के गायन का कथित तौर पर अपमान किया और उसमें बाधा डाली। उन्होंने मामले में कार्रवाई की मांग की है।
कांग्रेस ने आरोपों को बताया गलत
वहीं कांग्रेस ने इन आरोपों को खारिज किया है। पार्टी की ओर से कहा गया कि ‘वंदे मातरम्’ को रोकने की कोई कोशिश नहीं की गई थी। कांग्रेस ने सफाई देते हुए कहा कि सोनिया गांधी केवल मल्लिकार्जुन खरगे के लिए कुर्सी मांग रही थीं, क्योंकि वह कुछ समय से खड़े थे। इस तरह एक ही कार्यक्रम को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।
भाजपा ने निकाला मौन जुलूस
विवाद के बीच भाजपा की भुवनेश्वर जिला इकाई के कार्यकर्ताओं ने भी विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य पार्टी कार्यालय से मास्टर कैंटीन चौक स्थित कांग्रेस भवन तक मौन जुलूस निकाला। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं के कथित व्यवहार से देशभर के लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं और इस मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।




