June 3, 2026 |

BREAKING NEWS

देशप्रदेशब्रेकिंग

सुशासन तिहार में फूटा जनाक्रोश: पानी की मटकी फोड़कर महिलाओं ने जताया विरोध, कांग्रेस ने सरकार को घेरा

Namaskar Madhya Pradesh

Listen to this article

CG Breaking News: अभनपुर। गोबरा नवापारा नगर में विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय महिलाओं ने सुशासन तिहार कार्यक्रम के दौरान जोरदार प्रदर्शन किया। हरिहर स्कूल में आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में महिलाएं हाथों में तख्तियां और खाली मटकी लेकर पहुंचीं और पेयजल संकट समेत कई मुद्दों पर प्रशासन और सरकार के खिलाफ नाराजगी जाहिर की।

पेयजल संकट, बिजली कटौती और खाद की कमी को लेकर विरोध

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि नगर में पेयजल संकट लगातार गहराता जा रहा है। इसके अलावा अवैध रेत और खनिज परिवहन, अवैध शराब बिक्री, पात्र हितग्राहियों को समय पर पेंशन नहीं मिलना, किसानों को पर्याप्त खाद उपलब्ध नहीं होना और लगातार बिजली कटौती जैसी समस्याओं से आम जनता परेशान है।

कांग्रेस नेताओं और नागरिकों ने इन सभी मुद्दों को लेकर प्रशासन के समक्ष अपनी मांगें रखीं और जल्द समाधान की मांग की।

खाली मटकी फोड़कर महिलाओं ने जताया आक्रोश

प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने पानी की समस्या को लेकर आयोजन स्थल पर खाली मटकी पटककर फोड़ दी। इस दौरान कुछ देर के लिए माहौल गर्म हो गया। प्रदर्शनकारियों ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए “भाजपा सरकार मुर्दाबाद”, “जनविरोधी नीतियां बंद करो” और “जनता को मूलभूत सुविधाएं दो” जैसे नारे लगाए।

कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदेश सरकार सुशासन का दावा कर रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

एसडीएम के आश्वासन के बाद खत्म हुआ प्रदर्शन

मौके पर पहुंचे अभनपुर एसडीएम ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का आश्वासन दिया। प्रशासन के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए और आंदोलन समाप्त कर दिया।


Namaskar Madhya Pradesh

Related Articles