September 16, 2026 |

BREAKING NEWS

देशब्रेकिंग

छत्तीसगढ़ में बढ़ेगी गर्मी, दक्षिणी जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

Namaskar Madhya Pradesh

Listen to this article

Chhattisgarh to experience increased heat: रायपुर | छत्तीसगढ़ में अभी मौसम शुष्क (CG Weather Update) बना हुआ है, लेकिन आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ सकती है। मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि होने की संभावना है। मंगलवार को प्रदेशभर में मौसम (Aaj Ka Mausam) मुख्य रूप से साफ रहेगा। दोपहर और शाम के समय कुछ इलाकों में बादल छा सकते हैं।

दक्षिण छत्तीसगढ़ में बारिश और तेज हवाओं की संभावना
मौसम विभाग (IMD Rain Alert) ने 13 मई से दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई जिलों में मौसम बदलने के संकेत दिए हैं। जगदलपुर, दंतेवाड़ा, कांकेर, सुकमा, नारायणपुर, कोंडागांव और बीजापुर में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इसके साथ ही वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

विशेषज्ञों के अनुसार दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और श्रीलंका तट के ऊपर बने निम्न दाब क्षेत्र का असर धीरे-धीरे छत्तीसगढ़ के मौसम पर दिखाई देगा। इसी प्रभाव के कारण दक्षिणी हिस्सों में प्री-मानसून गतिविधियां बढ़ सकती हैं।

रायपुर में तापमान सामान्य से कम
सोमवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.5 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने मंगलवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान जताया है।

दिन के समय मौसम साफ रहने की संभावना है, लेकिन दोपहर बाद आंशिक बादल छा सकते हैं। मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को तेज धूप से बचने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी है।

राजनांदगांव सबसे गर्म, अंबिकापुर सबसे ठंडा
प्रदेश में सोमवार को सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जहां पारा 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। दूसरी ओर अंबिकापुर सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

रायपुर, बिलासपुर और जगदलपुर में भी गर्मी का असर बना रहा, हालांकि इन शहरों में तापमान सामान्य से कम दर्ज हुआ। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों में दिन के तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हो सकती है।

समय पर पहुंच सकता है मानसून
इधर, मौसम विज्ञानियों ने इस वर्ष मानसून के समय पर केरल पहुंचने के संकेत दिए हैं। हिंद महासागर और बंगाल की खाड़ी में बढ़ रही गतिविधियों से मानसून को गति मिल रही है। अंडमान-निकोबार में मानसून के पहुंचने की सामान्य तिथि 22 मई मानी जाती है, जिसके बाद यह धीरे-धीरे केरल की ओर बढ़ता है। मौसम विभाग के अनुसार केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक और आसपास के क्षेत्रों में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो चुकी हैं, जिससे समय पर मानसून आने की संभावना मजबूत हुई है।

शाम की हवाओं से मिली राहत
सोमवार शाम रायपुर में ढलते सूर्य और तेज हवाओं ने लोगों को गर्मी से कुछ राहत दी। महादेव घाट स्थित खारुन नदी के ऊपर बने पुल से गुजरने वाले राहगीरों ने ठंडी हवाओं के बीच राहत महसूस की।


Namaskar Madhya Pradesh

Related Articles

Check Also
Close